जालंधर 27 अगस्त (रमेश कुमार) पंजाब में इस समय की बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब में बाढ़ से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। पठानकोट के माधोपुर हेडवर्क्स का फ्लड गेट टूट गया है, जिससे पानी तेजी से रावी नदी में जा रहा है। इस घटना के बाद लगभग 50 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाने के लिए प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से राहत अभियान शुरू किया है। मिली जानकारी के अनुसार, एक कर्मचारी भी लापता है। बताया जा रहा है कि वह क्षतिग्रस्त फ्लड गेट की मुरम्मत के दौरान हादसे का शिकार हुआ। पानी की तेज धारा के कारण गेट पूरी तरह टूट गया। पठानकोट प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इसके साथ ही संगरूर में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। घग्गर नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 745 फीट तक पहुंच गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी के किनारे न जाएं और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं आपको ये भी बता दें कि, पंजाब में बारिश के कारण और डैमों से छोड़े जा रहे पानी से 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
Big Breaking : Flood gate broken in Punjab, situation out of control