जालंधर (रमेश कुमार): नगर निगम जालंधर का पार्षद हाऊस 24 जनवरी को खत्म हो गया था और नियमानुसार 6 माह के भीतर नए पार्षद हाऊस हेतु चुनाव संपन्न हो जाने चाहिए परंतु सत्तापक्ष आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नगर निगम के चुनाव करवाने में विभिन्न कारणों की वजह से देरी की जा रही है। अब जालंधर नगर निगम के चुनाव और लटकने की संभावनाएं पैदा हो गई हैं क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने जालंधर निगम की प्रस्तावित वार्डबंदी को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दे डाली है। यह याचिका हाईकोर्ट के वकील एडवोकेट मेहताब सिंह खैहरा, हरिंदर पाल सिंह ईशर तथा एडवोकेट परमिंदर सिंह विग द्वारा डाली गई है जिसमें पंजाब सरकार और इसके विभिन्न विभागों को प्रतिवादी बनाया गया है। यह याचिका जिला कांग्रेस के प्रधान तथा पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी, पूर्व कांग्रेसी पार्षद जगदीश दकोहा तथा पूर्व विधायक प्यारा राम धन्नोवाली के पौत्र अमन द्वारा डाली गई है।
